हज यात्रा पर भेजने के नाम पर जालसाजों ने लखनऊ, वाराणसी और बंगलूरू के 30 लोगों से 50 लाख रुपये ठग लिए। जालसाज सभी को इकट्ठा करके अमौसी एयरपोर्ट ले जाने के बाद वहां से रफूचक्कर हो गए। ठगी के शिकार लोगों ने एक जालसाज को पकड़कर शनिवार को पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
बाजारखाला में ऐशबाग माधव सिनेमा के सामने अमीरा टूर एंड ट्रैवल्स के नाम से दफ्तर है। इसके संचालक अब्दुल जमी उर्फ उस्मान, शादाब, रफीकुल और राजू है। चारों जालसाजों ने कुछ दिन पहले वाराणसी में अपने एजेंट हाजी मूसा महतो के जरिये हज यात्रा पर ले जाने के लिये बैनर लगवाए थे। बंगलूरू और लखनऊ में भी पोस्टर लगवाकर आवेदन मांगे।
बिलाल रुश्दी, अब्दुल वाहिद व उनकी पत्नी जीनत, सलीमुद्दीन, उनकी पत्नी उमेजा, डॉ. खुर्शीद, मो. सलीम, उनकी पत्नी सुलेमा खातून, अलाउद्दीन समेत 30 लोगों से प्रति व्यक्ति एक लाख 75 हजार रुपये जमा कराए थे।