लोकायुक्त कार्यालय के नाम पर अफसरों से रंगदारी मांगने वाले पर केस
विभूतिखंड थाने में लोकायुक्त के नाम पर अफसरों से रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया गया है।
इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी ने बताया कि शातिर ठग एक मोबाइल नंबर से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में तैनात डीएम-एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों को फोन कर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की धमकी देता था और बाद में शिकायत की जांच कर मामला रफा-दफा करने की बात कहकर रुपया मांगता था।
जिस मोबाइल नंबर से अधिकारियों को कॉल की जा रही हैं, वह कासगंज के सिद्धपुरा सुभाषनगर निवासी एनके तिवारी के नाम पर है। कासगंज पुलिस से संपर्क कर एनके तिवारी के बारे में जानकारी मंगाई गई है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि लोकायुक्त कार्यालय के संयुक्त सचिव कुंवर जी खन्ना ने शिकायत दर्ज कराई है।
आरोप है कि कई दिन से कोई व्यक्ति प्रदेश के विभिन्न जनपदों में तैनात अधिकारियों को मोबाइल नंबर (9458015352) से कॉल करके परेशान कर रहा है।
वह लोकायुक्त कार्यालय में अधिकारियों के खिलाफ शिकायत आने की बात कहकर उन्हें दबाव में लेता है और फिर जांच के नाम पर प्रताड़ित करता है।
बार-बार फोन करके वह जांच रफा-दफा करने के लिए रुपयों की मांग करता है। बकौल इंस्पेक्टर, कई अधिकारियों ने शातिर का मोबाइल नंबर ट्रयू कॉलर पर डालकर जांच की तो लोक आयुक्त भवन लखनऊ रोम लिखकर आया।
उन्होंने कहा कि हो सकता है ट्रयू कॉलर देखकर कुछ अधिकारियों ने उक्त शातिर के लोकायुक्त कार्यालय में होने की बात पर विश्वास कर जांच निपटाने के लिए उसे रुपया दिया भी हो।
लोकायुक्त कार्यालय के संयुक्त सचिव का कहना है कि कुछ महीने पहले भी लोकायुक्त के फर्जी लेटरपैड मिले थे, जिसमें अनुसचिव के फर्जी हस्ताक्षर करके दो अधिकारियों को पत्र भेजा गया था।
हालांकि, ऐसे पत्र उक्त अधिकारियों तक पहुंचने से पहले ही लोकायुक्त प्रशासन के हाथ लग गए थे। इंस्पेक्टर ने बताया कि मोबाइल नंबर धारक के नाम व पते की जानकारी मिल गई है।
पुलिस जल्द उक्त व्यक्ति से संपर्क कर लेगी। यह भी हो सकता है कि अधिकारियों से वसूली के लिए शातिर ने फर्जी नाम से सिमकार्ड लिया हो।