कुंभ के प्रचार-प्रसार का काम लेने के नाम पर कारोबारी को ठगा
महानगर थानाक्षेत्र के न्यू हैदराबाद स्थित गोयल फ्लैट्स निवासी हर्ष अग्रवाल ने कुंभ के प्रचार-प्रसार का काम लेने के नाम पर ठगी का आरोप लगाते हुए आशीष त्रिपाठी और जय पांडेय के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह ने शिकायतकर्ता प्रिंटिंग का कारोबार करते हैं। शिकायत पर जांच की जा रही है। पीड़ित हर्ष अग्रवाल ने बताया कि आशीष से उनकी पुरानी मुलाकात है।
पिछले साल जून में वह जय पांडेय नाम के व्यक्ति के साथ उनसे मिला और फ्लेक्स प्रिंटिंग मशीन बेचने के लिए बातचीत की।
बातचीत में पांच लाख रुपये और 18 प्रतिशत जीएसटी पर सौदा तय हो गया। जय पांडेय ने 26 जुलाई 2018 को हर्ष के खाते में डेढ़ लाख रुपये जमा करा दिए।
शेष रकम मशीन पहुंचने पर देने की बात कही। हर्ष का कहना है कि आशीष के भरोसे पर उन्होंने प्रिंटिंग मशीन जय को दे दी।
हालांकि, शेष रकम देने में वह आनाकानी करने लगा। दबाव डालने पर जय ने कहा कि फिलहाल उसके पास रुपये नहीं हैं। रुपये के बदले उसने काम कराने के लिए कहा।
हर्ष ने उससे काम कराना शुरू कर दिया। इस बीच हर्ष को प्रयागराज में कुंभ के प्रचार-प्रसार का काम मिल गया।
आशीष और जय ने कहा कि वह भी उसके साथ कुंभ के प्रचार-प्रसार का काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जो रकम मिलेगी, उससे वह मशीन का बकाया चुका देंगे।
हर्ष ने एक बार फिर दोनों को मौका दिया और कुंभ का काम कराने लगे। बकौल हर्ष, वह ज्यादातर कुंभ में ही रहते थे और पूरी जिम्मेदारी आशीष व जय को सौंप रखी थी।
दोनों जितनी भी सामग्री मंगाते, वह भिजवा देते थे। इसी दौरान आशीष ने कहा कि संजू नाम के व्यक्ति से पांच लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। वह रुपया मांग रहा है।
अगर वह 6.91 लाख रुपये का चेक दे दे तो संजू को दिखाकर उससे कुछ और वक्त ले लिया जाएगा। हर्ष ने आशीष पर भरोसा करते हुए 10 जून 2019 को उसे चेक दे दिया।
हिसाब मांगने पर दोनों ने उलटा-सीधा खर्च गिनाते हुए हर्ष पर ही बकाया होने की बात कही। हर्ष ने अपना हिसाब बताया तो दोनों उसे गलत बताने लगे।
इस बीच आशीष ने हर्ष का चेक बैंक में लगाकर कैश करा लिया। पूछने पर गोलमोल जवाब दिया। हर्ष का कहना है कि आशीष और जय उन्हें परेशान करने लगे। ऑफिस आकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई।