नौकरी के नाम पर ठगी। (फाइल फोटो)
- फोटो : ??? ?????
मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर आशियाना के सुमित कुमार से 4.50 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने युवक को मुंबई बुलाकर फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिया था।
पीड़ित ने अपने दोस्त शिवम जायसवाल के अलावा ठग गोरखपुर के अवनीश सिंह उर्फ प्रिंस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश मिश्रा के मुताबिक, आशियाना के शारदा नगर कॉलोनी निवासी सुमित कुमार सोनकर ने बताया कि 2015 से 2018 में मर्चेंट नेवी का तीन वर्षीय कोर्स किया था।
आखिरी साल में साथी शिवम ने कहा कि अवनीश नौकरी लगवा देगा। बातचीत के बाद एक जून 2019 को गोरखपुर के बिहारी खुर्द का अवनीश सिंह उससे मिलने आया।
उसके साथ नीतिश कुमार व प्रतीक सिंह नाम के युवक भी थे। तीनों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 50 हजार नकद लेकर जल्द नौकरी लगवाने की बात कही थी।
छह जून 2019 को अवनीश के कहने पर मुंबई के साकीनाका सफेद पुल के पास स्थित होटल पहुंचा।
दूसरे दिन अंधेरी ईस्ट स्थित फ्रंट लाइन शिप मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के ऑफिस में अजय वर्मा नाम के युवक ने परीक्षा और साक्षात्कार लिया।
कुछ देर बाद पास होने की बात कही और एक निजी अस्पताल ले जाकर मेडिकल करवाया। इसके बाद चार लाख रुपये और लिए और करीब दो माह बाद फर्जी नियुक्ति पत्र दिया। इसे लेकर संबंधित कंपनी पहुंचा तो ठगी की जानकारी हुई।