अब हेलो राइड कंपनी के अफसरों पर 63 लोगों से सवा करोड़ हड़पने का केस
विभूतिखंड थाने में बाइक किराये पर चलाने का झांसा देकर ठगी करने की आरोपी हेलो राइड कंपनी के चेयरमैन अभय कुमार कुशवाहा समेत अन्य अधिकारियों के खिलाफ 63 लोगों ने 197 बाइक के नाम पर करीब सवा करोड़ रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी ने बताया कि दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं जबकि कई पीड़ितों ने अलग से तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि सदर कैंट के राघवेंद्र यादव की तरफ से दर्ज मुकदमे में 51 पीड़ित शामिल हैं।
राघवेंद्र ने सोशल मीडिया से जानकारी पाकर कंपनी के साइबर हाइट्स टॉवर स्थित ऑफिस जाकर चेयरमैन अभय कुमार कुशवाहा, डायरेक्टर नीलम वर्मा, निखिल कुशवाहा से मुलाकात की थी।
अधिकारियों ने किराये पर बाइक चलवाकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। उसने कहा कि एक बाइक किराये पर चलवाने के लिए 61 हजार रुपये कंपनी को देने होंगे।
जिसके बदले एक साल तक हर महीने 9585 रुपये का भुगतान किया जाएगा। राघवेंद्र व उनके साथ 50 अन्य लोगों ने कुल 127 बाइक चलवाने के लिए रुपया दिया।
हालांकि, कुछ लोगों को छोड़कर शेष को प्रति महीने मिलने वाली मुनाफे की रकम नहीं दी गई। बाद में अभय कुमार कुशवाहा और उसके साथी कर्मचारी ऑफिस बंद करके भाग गए।
इसी तरह रायबरेली रोड पीजीआई स्थित रॉयल कॉलोनी निवासी उमेश कुमार सिंह, शांति सिंह, चंद्रभान सिंह, चंद्रशेखर सिंह, रत्ना सिंह, रवींद्र नाथ समेत 12 लोगों ने हेलो राइड कंपनी के चेयरमैन अभय कुमार कुशवाहा, डायरेक्टर नीलम वर्मा, राजेश पांडेय, शकील अहमद के खिलाफ 43 लाख रुपये ठगने का केस दर्ज कराया है।
पीड़ितों ने बताया कि सीतापुर के सानू सिंह उर्फ अरुण, बाराबंकी के रामनगर निवासी नीरज सिंह, गोंडा के मोनू सिंह के माध्यम से कंपनी के चेयरमैन व निदेशकों से जुलाई 2018 में मुलाकात की थी।
अभय की बातों के जाल में फंसकर उन्होंने रुपया लगा दिया। बाद में ठगी का अहसास हुआ लेकिन तब तक कंपनी संचालक भाग चुके थे।