ठग कंपनी आर संस इंफ्रालैंड पर जालसाजी का एक और मुकदमा
गोमतीनगर थाने में आर संस इंफ्रालैंड कंपनी के खिलाफ रविवार को एक और जालसाजी का मुकदमा दर्ज हुआ।
पीड़ित बैंककर्मी ने थाने में तहरीर देकर जमीन के नाम पर 2.11 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया।
प्रभारी निरीक्षक गोमतीनगर रामसूरत सोनकर ने बताया कि शिकायतकर्ता गोरखपुर के अंधियारीबाग एसबीआई कॉलोनी निवासी सौरभ सिन्हा के मुताबिक, वर्ष 2013 में विरामखंड-2 में स्थित आर संस कंपनी के ऑफिस में संपर्क किया था।
इस दौरान उनकी मुलाकात मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष श्रीवास्तव से हुई थी। उसने आसान किश्तों में प्लॉट देने का झांसा देकर कुल 2.11 लाख रुपये जमा कराए थे।
रजिस्ट्री के लिए संपर्क किया तो आशीष श्रीवास्तव व अंकुश टालमटोल करने लगे। चार साल तक कंपनी अधिकारी उसे दौड़ाते रहे।
हाल ही में पता चला कि आर संस ने करोड़ों रुपये का फर्जीवाड़ा किया है और आशीष गिरफ्तार हो चुका है। रविवार को गोमतीनगर थाने पहुंचे सौरभ सिन्हा ने तहरीर दी।