लखनऊ। गोमतीनगर के विराम खंड निवासी बुजुर्ग जितेंद्र सिंह ने निवेश के नाम पर ढाई करोड़ रुपये हड़पने की एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने मेसर्स कैप कंसलटेंसी सर्विसेज, मेसर्स कैप ग्लोबल इंवेस्टमेंट के निदेशक कुनाल धीरण कुमार मेहता, अभिषेक बाजपेई, समीर अहमद, हिमांशी मिश्रा, रिता धीरण मेहता और राहुल खुशीराम पर ठगी का आरोप लगाया है।
पीड़ित का कहना है कि वर्ष 2020 में कुनाल एल्डिको ग्रीन स्थित उनके बेटे के मकान में किराये पर रहता था। उसने रतन स्क्वायर में ऑफिस खोला, जिसे बाद में एल्डिको कार्पोरेट टावर में शिफ्ट कर दिया। कुनाल व उसके साथी खुद को मोतीलाल ओसवाल फाइनेंसियल सर्विसेज के अधिकृत पाटर्नर बताते थे। खुद को शेयर, सिक्योरिटी, कैपिटल मार्केट व इससे संबंधित कारोबार में दक्ष बताते हुए जितेंद्र को निवेश करने पर मुनाफे का झांसा दिया।
आरोप है कि जितेंद्र ने अपनी और परिवार के सदस्यों की जमा पूंजी के करीब ढाई करोड़ रुपये निवेश कर दिए। आरोपियों ने मार्च में 3.55 करोड़ रुपये लौटाने की बात कही थी। तय समय पर रकम न मिलने पर पीड़ित ने संपर्क किया तो आरोपी टालमटोल करते रहे। दबाव बनाने पर कुनाल और अन्य ने ऊंची पहुंच होने की बात कहते हुए रकम लौटाने से मना कर दिया। एफआईआर के मुताबिक आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर गोमतीनगर का कहना है कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों से पूछताछ होगी।