लखनऊ। कॅरिअर कॉन्वेंट एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी मो. इकबाल ने 14 प्लॉटों के नाम पर 5.67 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। डीसीपी पश्चिमी कमलेश दीक्षित के आदेश पर चौक पुलिस ने अयोध्या रोड निवासी भोला नाथ शुक्ला और विनय कुमार शुक्ला पर एफआईआर दर्ज की है।
चौक स्थित सराय आगामीर ड्योढ़ी निवासी मो. इकबाल ने बताया कि स्कूल-कॉलेज के लिए उन्हें जमीन चाहिए थी। खुद को त्रिपुरारी सेल्टर्स प्रा.लि. का निदेशक बताकर आरोपियों ने बख्शी का तालाब स्थित महोना में उन्हें 14 प्लॉट 5.67 करोड़ रुपये में बेचे और रजिस्ट्री कर दी। एक मई को स्कूल का निर्माण शुरू होने पर एक बैंक कर्मचारी पहुंचा और उसने बताया कि प्लॉट पर बैंक से लोन लिया गया है। किस्त न चुका पाने पर बैंक सभी कब्जा करेगी। यह भी बताया कि यह जमीन वर्ष 1985 में मोहित सेठी को पहले ही बेची जा चुकी है। आरोप है कि इसका विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें धमकाया। इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सही पाए जाने पर आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना दारोगा अखिलेश कुमार मिश्रा कर रहे हैं। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।