इनाम में एसयूवी का लालच देकर लखनऊ में कृष्णानगर थानाक्षेत्र के जाफरखेड़ा निवासी 80 वर्षीय कृष्ण दयाल सक्सेना से जालसाजों ने 34 लाख 80 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई तो केस दर्ज किया गया। मामले की जांच पुलिस, साइबर क्राइम सेल की मदद से कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर धीरेंद्र कुमार उपाध्याय के मुताबिक, जाफरखेड़ा में बुजुर्ग कृष्ण दयाल सक्सेना रहते हैं। कृष्ण दयाल के मुताबिक, उनके पास 2019 के जून में एक साधारण डाक से पत्र मिला। लिफाफा खोलने पर अंदर एक पम्पलेट और स्क्रैच कार्ड निकला। कार्ड को स्क्रैच करने पर एक स्कॉर्पियो डीलक्स गाड़ी इनाम में निकली।
लिफाफा आयुर्वेदिक शोध संस्थान मालेगांव कामाख्या मंदिर रोड कामरूप असम की ओर से भेजा गया था। लिफाफे में एक व्हाट्सएप नंबर दिया था। जिस पर उन्होंने जानकारी दी। इसके बाद 5600 रुपये जमा करने और पहचान पत्र का प्रमाण व खाता नंबर भेजने को कहा गया। जिसे उन्होंने भेज दिया।
सर्विलांस पर लगाए गए नंबर
इसके बाद 12,600, 25,000, 45,500 रुपये की अलग-अलग मद में मांग की गई। सभी धनराशि कंपनी के खाते में जमा करा दी। इसके बाद धीरे-धीरे कर उनसे जालसाजों ने 13,10,000 रुपये जमा करा लिए। रुपये जमा करने के बाद भी इनाम की गाड़ी नहीं दी और न ही रकम वापस की।
इसके बाद एक व्यक्ति बैंक प्रबंधक बनकर कृष्ण दयाल सक्सेना से मिला और उसने कहा कि कंपनी की ओर से ही उन्हें इनाम की राशि मिलेगी। इसके बाद जालसाजों ने एसबीआई मालेगांव की शाखा में फिर से रकम मंगाना शुरू कर दी और इस तरह से करीब 34 लाख 80 हजार रुपये जमा करा लिए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया, पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। पीड़ित ने जो मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए हैं, उन्हें सर्विलांस पर लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।