दुर्घटनाग्रस्त कार के पुर्जे बदले, फिर टोटल लॉस दिलाने का झांसा देकर वाहन हड़पा
गोमतीनगर के विवेकखंड निवासी सेवानिवृत्त नौसेनाकर्मी अनिल कुमार सिंह ने स्टॉलिन हांडा कंपनी के कर्मचारी जयंत तिवारी पर दुर्घटनाग्रस्त कार हड़पने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
अनिल का कहना है कि कंपनी के कर्मचारियों ने उनकी कार के पुर्जे बदल दिए और बीमा कंपनी से मिलीभगत करके टोटल लॉस दिखाकर पूरे रुपये दिलाने का झांसा दिया।
इन्कार करने पर 50 हजार रुपये मांगे। रुपया देने में असमर्थता जताने पर उनकी कार हड़प ली। इंस्पेक्टर राम सूरत सोनकर ने बताया कि अनिल कुमार सिंह की कार 29 जून को प्रतापगढ़ में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।
उन्होंने स्टॉलिन हांडा कंपनी लखनऊ में सूचना दी। इसके बाद कंपनी ने कार को सर्विस स्टेशन मंगा लिया। इसमें अनिल कुमार सिंह से 7500 रुपये लिए गए थे।
सेवानिवृत्त नौसेनाकर्मी का कहना है कि अगले दिन वह स्टॉलिन हांडा पहुंचे तो कार की हालत देखकर दंग रह गए। कार की स्थिति पहले से ज्यादा खराब थी।
उसके पुर्जे बदल दिए गए थे। इस बाबत पूछने पर वहां के कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें गाड़ी पूरी तरह से ठीक करके अच्छी हालत में दी जाएगी। इसमें कुछ दिन लगेंगे।
अनिल कुछ दिन बाद फिर से स्टॉलिन हांडा पहुंचे तो कर्मचारी जयंत तिवारी और विजयेंद्र ने बताया कि कार की मरम्मत में बीमा कंपनी से जो रुपये मिल रहे हैं, उसके अलावा साढ़े तीन लाख रुपये अलग से लगेंगे जो उन्हें ही देने होंगे।
इस पर उन्होंने स्टॉलिन हांडा में कार की मरम्मत कराने से इन्कार कर दिया। अनिल कुमार सिंह का कहना था कि वह कार की मरम्मत बाहर से करा लेंगे तो जयंत तिवारी ने उन्हें दुर्घटना में टोटल लॉस दिखाकर बीमा कंपनी से कार के रुपये रुपये दिलाने की बात कही।
अनिल कुमार सिंह ने मना कर दिया और कार वापस लेने के लिए एक महीने तक कंपनी के चक्कर लगाते हुए पर सुनवाई नहीं हुई। वह कार वापस करने को कहते तो जयंत तिवारी 50 हजार रुपया मांगने लगता है।
अनिल कुमार सिंह का कहना है कि रुपया देने में असमर्थता जताने पर कंपनी के कर्मचारी उनकी कार नहीं लौटा रहे हैं। यही नहीं, रास्ते में रोककर जानमाल की धमकी दे रहे हैं।