लखनऊ में जालसाज ने खुद को शिक्षा विभाग में सचिव बताकर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर एटा के पांच बेरोजगारों से 25 लाख रुपये ठग लिए। थाने पर सुनवाई न होने के बाद पीड़ितों ने मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
इसके बाद एसएसपी ने कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस ने धोखाधड़ी व धमकाने का केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक राधारमण सिंह ने बताया कि एटा के संकीट निवासी राम नरेश के मुताबिक, सिविल अस्पताल के सामने एएफ टॉवर में एक परिचित के जरिए उनकी मुलाकात दुर्गेश यादव से हुई।
दुर्गेश भी एटा का रहने वाला है। उसने खुद को आईएएस अधिकारी बताया और तैनाती शिक्षा विभाग में बतौर सचिव बताई। उसने कहा कि प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर नियुक्ति निकली है। वह आसानी से नियुक्ति करा देगा। इसके लिए प्रत्येक युवक को पांच-पांच लाख रुपये देने होंगे।
इस पर राम नरेश, उसके परिचित सुरजीत, ब्रिजेश, रिंकू सहित पांच लोगों ने 25 लाख रुपये दुर्गेश को 2017 में दिए।