लोकसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश की सपा सरकार ने लोकलुभावन फैसलों की झड़ी लगा दी है। इसी क्रम में प्रदेश में गरीबी की रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों को हर माह 500 रुपये समाजवादी पेंशन दी जाएगी।
पेंशन राशि में 50 रुपये हर साल वृद्धि की जाएगी लेकिन अधिकतम पेंशन 750 रुपये ही होगी। पेंशन ई-पेमेंट से दी जाएगी।
इसका लाभ अगले वित्तीय वर्ष यानी 2014-15 से मिलेगा। इसके शुरू होने के साथ रानी लक्ष्मीबाई पेंशन योजना बंद हो जाएगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय किया गया।
प्रदेश में इस योजना का लाभ 40 लाख परिवारों को दिया जाएगा जबकि रानी लक्ष्मीबाई पेंशन योजना का लाभ 25 लाख परिवारों को ही मिल रहा है। इसके लाभ के दायरे में दो करोड़ आबादी आएगी।
सभी वर्गों को उनकी जनसंख्या के अनुपात में सही प्रतिनिधित्व देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के ऐसे गरीब परिवारों जिनके पास आय के उपयुक्त साधन नहीं हैं, उनको जीवनयापन के लिए पेंशन दी जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि समाजवादी पेंशन योजना चयनितों को सुचारु रूप से मिले जिससे लाभार्थियों को परेशानी न हो।
चयन के समय वार्षिक सत्यापन के समय यदि परिवार का कोई सदस्य विधवा, विकलांग व वृद्धावस्था पेंशन तथा बेरोजगारी भत्ते का लाभ पा रहा हो तो समाजवादी पेंशन नहीं दी जाएगी।
समाजवादी पेंशन योजना पर पहले वर्ष 2400 करोड़, 50 रुपये प्रतिमाह की वार्षिक वृद्धि से 240 करोड़ का अतिरिक्त खर्च आएगा। वर्ष 2019-20 में इस योजना पर कुल 3600 करोड़ व्यय होगा।