आशियाना पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि वह टिक-टॉक पर हॉरर वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। जिससे सुबह टहलने वालों में दहशत फैल गई। पुलिस के मुताबिक चारों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।
प्रभारी निरीक्षक आशियाना संजय राय के मुताबिक शारदा नगर के रजनीखंड का निवासी अनूप कुमार, उसका भाई अमित कुमार, सोनू यादव और उसका भाई मोनू यादव रविवार सुबह रतनखंड स्थित पार्क में चेहरे व शरीर पर हॉरर मॉस्क लगाकर टिक-टॉक पर वीडियो शूट कर रहे थे। इस दौरान वहां टहलने के लिए आए लोगों व बुजुर्ग दंपतियों में दहशत फैल गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गश्त पर निकली पुलिस ने तत्काल युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद शांति भंग की कार्रवाई करते हुए चारों को जेल भेज दिया।
नमस्ते लखनऊ की टीम ने दबोचा
प्रभारी निरीक्षक संजय राय के मुताबिक पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय द्वारा शुरू की गई योजना ‘नमस्ते लखनऊ’ में तैनात पुलिसकर्मियों ने रविवार सुबह गश्त के दौरान इन दहशत फैलाने वाले युवकों को दबोचा है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक ‘नमस्ते लखनऊ’ की टीम लगातार पार्क और आसपास के इलाके में सुबह गश्त कर रही है।