रायबरेली। मुरादाबाद मंडल में चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से त्रिवेणी, पद्मावत समेत चार ट्रेनें निरस्त रहीं। ऊंचाहार एक्सप्रेस, जनता मेल समेत कई ट्रेनों के विलंब से आने के कारण यात्री परेशान हुए। शहर के रेलवे स्टेशन समेत बछरावां, ऊंचाहार में भी यात्रियों को काफी असुविधा हुई। यात्रियों को बसों का सहारा लेना पड़ा।
रविवार को अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल, प्रतापगढ़ से दिल्ली जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस, सिंगरौली से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस और प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस रद्द होने के कारण नहीं आई। प्रयागराज से चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस दो घंटे विलंब से आई। बनारस से देहरादून जाने वाली जनता मेल, हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल और प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देर से पहुंची।
आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस व चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस पौन घंटे, बनारस-देहरादून जनता मेल व लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे घंटे, प्रयागराज-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस 15 मिनट देर से आई। शनिवार रात बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे, प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर व कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से आई।स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि मुरादाबाद मंडल में चल रहे काम की वजह से कई ट्रेनें निरस्त रहीं।