लखनऊ। छह व सात सितंबर को होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के लिए चार स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। जंक्शन से लखीमपुर व गोमतीनगर से गोरखपुर के लिए दो-दो गाड़ियां चलेंगी।
स्टेशनों पर अभ्यर्थियों की भीड़ को संभालने के लिए आरपीएसएफ जवानों की टुकड़ी चारबाग, लखनऊ जंक्शन पर तैनात रहेगी।
इन चार ट्रेनों के अलावा चारबाग स्टेशन पर दो स्पेशल ट्रेनों के रैक तैयार रहेंगे। जरूरत पड़ने पर इनका भी संचालन किया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन जंक्शन से लखीमपुर के बीच एक जोड़ी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल चलाएगा। ट्रेन 05031 छह व सात को जंक्शन से सुबह 4:40 बजे चलकर ऐशबाग से 4:55 बजे, डालीगंज से 5:17 बजे, मोहिबुल्लापुर से 5:29 बजे होते हुए सीतापुर, हरगांव होकर लखीमपुर 7:30 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 05032 लखीमपुर से शाम 5: 50 बजे चलकर मोहिबुल्लापुर से रात 8:02 बजे, डालीगंज से 8:17 बजे व ऐशबाग से 8:32 बजे होते हुए जंक्शन रात 8:55 बजे पहुंचेगी।
परीक्षा स्पेशल 05028 छह व सात को गोमतीनगर से रात पौने आठ बजे चलकर बाराबंकी, बुढ़वल, जरवल रोड, करनैलगंज, गोंडा, मनकापुर, बस्ती, खलीलाबाद होते हुए गोरखपुर रात 1:25 बजे पहुंचेगी। वापसी में 05027 ट्रेन गोरखपुर से तड़के 3:25 बजे चलकर गोमतीनगर सुबह सवा नौ बजे पहुंचेगी।
खुलेंगे अतिरिक्त टिकट काउंटर
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि चारबाग स्टेशन पर जनरल टिकट के अतिरिक्त काउंटर खोले जाएंगे। 25 कर्मचारी मोबाइल फोन से अनारक्षित टिकट बेचेंगे। मेडिकल टीम भी तैनात रहेगी।