सरकार भले ही यूपी में अपराध कम करने के तमाम वादे और दावे कर रही हो, लेकिन हैवानियत की जमीनी हकीकत चार नई घटनाएं बयां कर रही हैं।
विज्ञापन
चंदौसी से रामपुर और मुजफ्फरनगर से संभल तक हैवानियत, हवस और बलात्कार का सिलसिला जारी है। शर्मनाक बात यह है कि पुलिस अब भी मामलों को गंभीरता से नहीं ले रही है।
दूसरी तरफ, सूबे के आका शर्मसार करने वाले बयान देकर ही अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ ले रहे हैं। सीएम भी मीडिया पर ही बरस कर मामलों को दबाने की कोशिश में लगे हैं।
विज्ञापन
कहीं युवती को घर से खींचकर रेप किया गया, तो कहीं घर में घुसकर ही अस्मत लूट ली गई। यूपी में हैवानियत हदें पार कर रही है, और सरकार सिर्फ हुक्म चला रहे हैं।
संभल में किशोरी के साथ दुष्कर्म
नखासा थाने के एक गांव में बुधवार को उपले पाथने गई किशोरी को गांव का ही युवक खींच ले गया और खेत में उसके साथ दुष्कर्म किया।
सीओ के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी घर छोड़कर भाग गया है।
नखासा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी बुधवार की सुबह 8.30 बजे गांव के पास उपले पाथने के लिए गई थी। वहां पर उसका पड़ोसी युवक पहुंच गया।
उसने किशोरी को पकड़ लिया। तमंचे के बल पर धमकाकर खेत पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
रामपुर में महिला से गैंगरेप
रामपुर के पटवाई थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिला से गैंगरेप किया गया। कोर्ट ने इस मामले में दो भाइयों समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
क्षेत्र के एक गांव की महिला ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। इसमें उसने कहा कि उसके परिवार की गांव के ही कुछ लोगों से रंजिश चल रही है।
इसी के चलते 27 अप्रैल की दोपहर में दो भाई समेत तीन लोग उसके घर में घुस आए। घर में उस वक्त वह अकेली थी। तीनों लोगों ने उसके साथ मारपीट की और तमंचे व चाकू के बल पर आतंकित कर उसके साथ बलात्कार किया। शोर मचाने पर पड़ोसियों ने किसी तरह उसे बचाया।
इसके बाद आरोपी धमकाते हुए फरार हो गए। घटना की शिकायत पुलिस से की गई लेकिन पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
चंदौसी में नाबालिग के साथ दुष्कर्म
बदायूं कांड पर इतना बवाल मचने के बाद भी बहू-बेटियां महफूज नहीं हैं। पड़ोस में चप्पल उठाने गई किशोरी के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया।
दुष्कर्म के बाद युवक फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट सात दिन बाद दर्ज हुई। पीड़िता के पिता के मुताबिक अभियुक्तों ने उन्हें पुलिस कोतवाली तक नहीं आने दिया।
घटना चंदौसी नगर में 29 मई को दोपहर दो बजे हुई है। घटनाक्रम के मुताबिक 14 वर्षीय बच्ची की चप्पल पड़ोसी के घर पर गिर गई थी। वह उसे उठाने के लिए गई।
वहां पर मौजूद दो युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह जानकारी अपनी मां को दी।
सात दिन बाद दर्ज हुई FIR
परिवार से पता चला कि बेटी के साथ हुए दुष्कर्म की एफआईआर सात दिन बाद दर्ज हुई है। देरी का सवाल जांच का विषय हो सकता है हालांकि पीड़ित परिवार फिलहाल कुछ ज्यादा बोलने को राजी नहीं है।
अमर उजाला से फोन पर बातचीत में परिवार के एक सदस्य ने कहा कि जो भी हो, रिपोर्ट तो हो गई है। एफआईआर के मुताबिक पीड़ित परिवार को अभियुक्तों ने कोतवाली तक नहीं आने दिया था।
इस बारे में यदि कोई वरिष्ठ अधिकारी जांच पड़ताल करता है तो देरी के सवाल और कुछ पुलिसकर्मियों की लापरवाही भरी कार्यप्रणाली भी उजागर हो जाएगी।
मुजफ्फरनगर में छात्रा को अगवा कर रेप
मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर क्षेत्र के एक गांव में छात्रा को उसके घर से तीन युवकों ने अगवा कर लिया। इसके बाद उसे जंगल में ले जाकर एक युवक ने दुष्कर्म किया।
आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर परिजनों ने थाने पर हंगामा किया, तब कहीं पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा और रेप के आरोपी को गिरफ्तार किया।
पीड़ित पक्ष के अनुसार गांव का ही रहने वाला आरोपी युवक अपने दो साथियों के साथ मंगलवार देर रात छात्रा के घर पहुंचा।
तीनों ने तमंचे के बल पर परिजनों को आतंकित करके छात्रा को अगवा कर लिया। आरोप है कि जंगल में ले जाकर एक युवक ने छात्रा के साथ बलात्कार किया, जबकि उसके दोनों साथी तमंचा लिए खडे़ रहे।
आरोपी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए, जिससे भयभीत परिजन सुबह थाने आने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
बुधवार दुपहर को पीड़ित छात्रा को साथ लेकर उसकी मां और चाचा मंसूरपुर थाने पहुंचे और पुलिस को वारदात की जानकारी दी।
बाद में काफी ग्रामीण थाने आ गए। परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने एक बार अपने अनुसार तहरीर लिखवा ली, जिसमें दो युवकों के नाम नहीं थे, जिसको लेकर भी परिजनों ने हंगामा किया।
इसके बाद पीड़िता के चाचा ने मुख्य आरोपी और उसके दोनों साथियों के खिलाफ अपहरण और बलात्कार की तहरीर दी।