लखनऊ। मनमानी कर रहे शहर के चार मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों पर परिवहन विभाग नकेल कसेगा। शिकायत मिलने पर उप परिवहन आयुक्त ने इनकी जांच के निर्देश दिए हैं। इसके लिए समिति बना दी गई है।
इस संबंध में जारी पत्र के अनुसार मास्टर मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, राजधानी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, शाश्वतम मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल और पूर्वांचल मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल शासन की ओर से जारी एसओपी के मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। अधिकारी इन ट्रेनिंग स्कूलों की बारीकी से जांच करें और रिपोर्ट जोन को भेजें।
लखनऊ जोन के उपपरिवहन आयुक्त राधेश्याम ने बताया कि इन ट्रेनिंग स्कूलों की जांच के लिए तीन अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। संभागीय निरीक्षक सुशील कुमार मास्टर मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल और शाश्वतम मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल की जांच करेंगे। एमवीआई प्रशांत कुमार राजधानी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, एमवीआई विष्णु कुमार पूर्वांचल मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल का निरीक्षण कर हफ्तेभर में रिपोर्ट देंगे।