लखनऊ। विदेश नागरिक के घर से लाखों का कीमती सामान चुराने वाले गिरोह के चार बदमाशों को इंदिरानगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से कैमरा, सोने के सिक्के, विदेशी मुद्रा, दो लैपटॉप और मोबाइल बरामद हुए हैं।
इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी तकरोही का विकास निगम, नीरज वर्मा, मड़ियांव के फैजुल्लागंज का रहने वाला मोहित अवस्थी, गाजीपुर सेक्टर 19 निवासी संजय कश्यप है। चारों आरोपी ऑटो चलाते हैं। 13 अक्तूबर को यमन के रहने वाले अब्दुल अजीज अहमद मोहम्मद ने इंदिरानगर स्थित अपने घर से कीमती सामान चोरी होने की एफआईआर दर्ज कराई थी। खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो उसमें आरोपी दिखे थे। इसी के जरिये आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में चारों ने बताया कि वे पहले दिन में ऑटो चलाकर घरों की रेकी करते थे। फिर रात होते ही चिह्नित किए गए मकान से सामान बटोर लेते थे। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों ने 12 अक्तूबर को इंदिरानगर निवासी रमेश कुमार के दफ्तर में भी चोरी की थी।