कैटरिंग कारीगरों से लूटपाट और मारपीट के मामले में निगोहां पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन तंमचे, लूटे गए दो मोबाइल फोन, 6100 रुपये और बाइक बरामद की है।
बदमाशों ने शराब पीने के लिए लूटपाट की थी। नशे में धुत्त बदमाशों ने रायबरेली में रिश्तेदार के यहां आयोजित समारोह से लौटते वक्त लूट की साजिश रची थी।
डीसीपी दक्षिणी राहुल राज के मुताबिक, शुक्रवार को निगोहां पुलिस और सर्विलांस सेल की मदद से गोसाईंखेड़ा मोड़ के पास खाली पड़े मकान में चार बदमाशों को पकड़ा। इनमें निगोहां गांव निवासी अनिकेत सिंह, प्रखर सिंह, निगोहां के शेरपुरलवल के सुमित गौतम और सोहित सिंह है।
आरोपियों ने मंगलवार देर रात गोसाईंखेड़ा इलाके में बाइक सवार कैटरिंग कारीगर निगोहां के दुर्गेश व उसके भाई अखिलेश और साले मनीष से लूटपाट करने की बात कबूली है। घटना के समय पीड़ित अर्जुनगंज में आयोजित शादी समारोह का काम निपटाकर घर लौट रहे थे।
लुटेरा अनिकेत रायबरेली के ऊंचाहार में रिशतेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में साथियों के साथ गया था। शराब के नशे में धुत्त मंगलवार देर रात चारों बदमाश बाइक से निगोहां स्थित घर लौट रहे थे।
शराब के लिए पैसे कम पड़े तो लूटपाट की साजिश रची थी। डीसीपी दक्षिणी राहुल राज ने बताया कि बदमाश फिर लूटपाट की फिराक में थे।