लखनऊ। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात चार डॉक्टरों और चार स्टाफ नर्सों ने इस्तीफा दे दिया है। इन सभी के इस्तीफे जिला स्वास्थ्य समिति ने स्वीकार कर लिए हैं। रिक्त पदों को भरने के लिए विभाग जल्द ही वॉक-इन-इंटरव्यू आयोजित करेगा।
इस्तीफा देने वाले चारों डॉक्टरों राम सागर मिश्रा अस्पताल के ईएमओ डॉ. अमित कुमार, अर्बन हेल्थ वेलनेस सेंटर के डॉ. अभय, कसाईबाड़ा पीएचसी की डॉ. प्रियंका त्रिपाठी और आशियाना हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के डॉ. राजीव कुमार का चयन पीजी (परास्नातक कोर्स) के लिए हो गया है। वहीं, चार स्टाफ नर्सों का चयन स्थायी सरकारी सेवा में होने के कारण उन्होंने पद छोड़ा है। इनके अलावा दो अन्य डॉक्टरों ने भी व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया है।
वर्तमान में जिले में 108 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और 54 पीएचसी संचालित हैं। डॉक्टरों के अचानक जाने से कुछ केंद्रों पर पद खाली हो गए हैं। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि जिले में डॉक्टरों के छह पद रिक्त हैं। इन पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से योग्य डॉक्टरों की नियुक्ति कर ली जाएगी।