जिले में वाहनों की रफ्तार से चार लोगों की जान चली गई। खीरों थाना क्षेत्र में मंगलवार को बाइक पर ट्रिपलिंग करके जा रहे छात्रों को बस ने रौंद दिया। इसमें दो की मौत हो गई, जबकि एक छात्र घायल हुआ। घायल की छात्र की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। मोटर साइकिल में सवार कोई भी हेलमेट नहीं लगाए हुए था।
इधर रायबरेली जिले के ही गदागंज थाना क्षेत्र में जामुन खाने गए पांच वर्षीय बालक को ट्रक ने कुचल दिया। उधर, जगतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात सड़क पार कर रहे किसान की कार की टक्कर से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया।
सड़क हादसे की पहली घटना खीरों थाना क्षेत्र में हुई। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे माधव चिचौली निवासी रविंद्र कुमार, बेहटाकला निवासी संजय कुमार, सूदनखेड़ा निवासी शुभम तीनों सुबह बाबू जयशंकर गया प्रसाद महाविद्यालय सुमेरपुर उन्नाव में बीएम प्रथम वर्ष का दाखिला कराने गए थे।
दोपहर को तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। कानपुर-लालगंज मार्ग पर जगन्नाथगंज के पास कानपुर से लालगंज की तरफ आ रही किदवई नगर डिपो की बस ने पीछे से तीनों को रौंद दिया। इसमें रविंद्र कुमार, संजय की मौत हो गई, जबकि शुभम घायल हो गया।
घायल को सीएचसी ले जाया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक फरार हो गया। एसओ आरके शर्मा का कहना है कि रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।