बहराइच में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। बालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। नानपारा-बहराइच मार्ग पर खड़े ट्रक में पीछे से मैजिक वाहन के भिड़ंने से चालक और क्लीनर की मौत हो गई।
वहीं, पयागपुर में सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर से महिला की जान चली गई। उसके पुत्र समेत तीन लोग घायल हुए हैं। बेगमपुर के निकट अनियंत्रित होकर बाइक पलटने से उस पर सवार एक व्यक्ति की ही मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नानपारा से बहराइच की ओर आ रही एक मैजिक वाहन सोमवार सुबह रिसिया क्षेत्र में भोपतपुर गांव के पास असंतुलित हो गया। वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। इस भिड़ंत में मैजिक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वशीरगंज निवासी सलाम अहमद (25) पुत्र जमील की मौत हो गई।
आसपास के लोगों ने वाहन में फंसे क्लीनर मोहम्मद शकीर उर्फ गोलू (24) को बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में एंबुलेंस से जिला अस्पताल। अस्पताल पहुंचते ही शकीर ने दम तोड़ दिया।