कोरोना के बढ़ते मामलों के साथ केजीएमयू में मरीज भर्ती करने की व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है। हालात यह है कि पॉजिटिव निकले चार रेजिडेंट डॉक्टरों को अपने ही संस्थान में बेड के लिए करीब 20 घंटे तक जद्दोजहद करनी पड़ी। हॉस्टल में भेजे जाने का अन्य डॉक्टरों के विरोध जताने और चेतावनी देने पर शुक्रवार देर शाम उन्हें वार्ड में भर्ती किया गया।
वहीं, शाम को दो अन्य रेजिडेंटों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई। बाद में इन्हें भी भर्ती कराया गया। केजीएमयू के रेजिडेेंट डॉक्टरों का आरोप है कि वे लगातार वार्ड से लेकर होल्डिंग एरिया तक ड्यूटी कर रहे हैैं, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी शोषण पर उतर आए हैं। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि पॉजिटिव आने के बाद उन्हें भी बेड के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
आर्थोपेडिक विभाग के रेजिडेंट डॉक्टर और मेडिसिन विभाग के चार रेजिडेंट डॉक्टरों की रिपोर्ट गुरुवार को पॉजिटिव आ गई थी। आरोप है कि अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई तो उन्हें हॉस्टल में रहने की सलाह दी गई। इस पर वे हॉस्टल पहुंच गए। शुक्रवार को वहां रहने वाले अन्य डॉक्टरों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने ऐतराज जताया।
दोपहर करीब 12 बजे अन्य रेजिडेंट डॉक्टर भी लामबंद हो गए। विवाद बढ़ता देख शाम को उन्हें वार्ड में भर्ती करने का फैसला लिया गया। उधर, शाम को दो अन्य रेजिडेंट डॉक्टर भी पॉजिटिव पाए गए। एक साथ छह रेजिडेंट डॉक्टरों के पॉजिटिव आने से केजीएमयू में हलचल मची है। अब तक यहां 35 रेजिडेंट डॉक्टर और 50 से ज्यादा चिकित्साकर्मी संक्रमित निकल चुके हैं।