लखनऊ। सआदतगंज के मोहम्मदगंज बावली निवासी शटरिंग ठेकेदार राधे प्रजापति (50) की आत्महत्या के मामले में सआदतगंज पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई राधे के बेटे अभिषेक की शिकायत पर की है। चारों आरोपियों के नाम राधे ने सुसाइड नोट में लिखे थे।
इंस्पेक्टर सआदतगंज संतोष कुमार आर्य के मुताबिक शुक्रवार को राधे ने घर में बिजली के तार से पंखे के हुक के सहारे फंदा लगा लिया था। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला था। नोट में राधे ने लिखा था कि उन्होंने कई लोगों से उधार लेकर एमके खान, रमेश मौर्य, अनू मिश्रा और कलीम के यहां शटरिंग का काम किया था, लेकिन चारों ने भुगतान करने से मना कर दिया था। इस कारण वह आत्महत्या करने के लिए विवश हैं। इंस्पेक्टर ने कहा कि घरवाले अभी तक यह बता नहीं सके हैं कि राधे को चारों से कितने रुपये लेने थे। मामले की विवेचना की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।