डीह पुलिस ने बुधवार की रात पुलिस मुठभेड़ में प्रतापगढ़ जिले के दो ईनामी अपराधी समेत चार आरोपियों को दबोचा। पुलिस की तरफ से भी जवाबी फायरिंग की गई। गनीमत रही कि मुठभेड़ में कोई हताहत नहीं हुआ। इन अपराधियों के पास से अवैध असलहे के अलावा अन्य सामान बरामद किया गया है।
एएसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि डीह क्षेत्र के फागूपुर रामलीला मैदान के पास अपराधी किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर परशदेपुर चौकी इंचार्ज रावेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को अपनी ओर आता देख अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। पुलिस की तरफ से भी जवाबी फायरिंग की गई। मुठभेड़ के दौरान चार अपराधियों को दबोचा गया।
इसमें प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के कुरैशी का पुरवा मजरे राहाटीकर निवासी बाबी उर्फ शाकिर, रियासत अली, मोनू उर्फ शकील, लालगंज अझारा थाना क्षेत्र के देल्हूपुर निवासी हकीम उर्फ वकील को पकड़ा गया है। इसमें बाबी और मोनू की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। इनके पास से 315 बोर के चार अवैध तमंचा, आठ हजार रुपये की नकदी, तीन बाइकें बरामद की गई हैं।