लखनऊ। दरोगा भर्ती परीक्षा में जानकीपुरम विस्तार स्थित कॉस्मो फाउंडेशन परीक्षा केंद्र से दो नकलचियों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें एसएसबी जवान दिनेश चंद्र जाट भी शामिल है। इन सबको एसीपी अलीगंज अली अब्बास ने अपनी टीम के साथ धर दबोचा। पुलिस टीम ने एसएसबी जवान के पास से एंड्रॉयड मोबाइल व ब्लूटूथ और इसी कक्ष में बैठे दूसरे अभ्यर्थी अमित कुमार के पास से ब्लूटूथ बरामद किया है। पुलिस ने एसएसबी जवान दिनेश और दूसरे अभ्यर्थी अमित कुमार के सहयोगी राहुल राठी और सौरभ चौधरी को भी दबोचा है। ये दोनों बाहर से उन्हें नकल करा रहे थे। अगली पाली में इन दोनों को भी परीक्षा देनी थी। अलीगढ़ के रहने वाले चारों आरोपियों के खिलाफ जानकीपुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जानकीपुरम विस्तार स्थित कॉस्मो फाउंडेशन में दरोगा भर्ती का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। एसीपी अलीगंज अली अब्बास ने बताया कि कॉस्मो फाउंडेशन में शनिवार सुबह 11 बजे की पाली की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान अभ्यर्थी दिनेश चंद्र जाट पर शक हुआ। चेक करने पर उसके जूते में मोबाइल फोन मिला। पता चला कि वो ब्लूटूथ लगाकर मोबाइल के जरिए बाहर बैठे साथियों की मदद से नकल कर रहा था। दिनेश चंद्र जाट एसएसबी का जवान है। उसकी तैनाती दिल्ली में है। इसी कक्ष में अभ्यर्थी अमित कुमार को भी ब्लूटूथ से नकल करते पकड़ा गया। वह भी ब्लूटूथ छिपाकर लाया था। परीक्षा केंद्र के पास ही मौजूद इनके साथी राहुल राठी व सौरभ चौधरी दोनों को सवालों के जवाब बता रहे थे। जानकीपुरम पुलिस ने राहुल व सौरभ को भी दबोच लिया है। जानकीपुरम इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह गौर ने बताया कि चारों आरोपी अलीगढ़ के रहने वाले हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।
गूगल पर सर्च करके करा रहे थे नकल
एसीपी अलीगंज ने बताया कि पकड़े गए चारों आरोपी मोबाइल फोन व ब्लूटूथ के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे। इन लोगों में तय हुआ था कि जिसकी परीक्षा बाद में होगी वह बाहर बैठकर गूगल की मदद से प्रश्नों के उत्तर देगा। दिनेश और अमित पहली पाली में परीक्षा दे रहे थे। इसके चलते दूसरी पाली की परीक्षा के अभ्यर्थी राहुल राठी और सौरभ चौधरी इन्हें फोन से प्रश्नों के उत्तर दे रहे थे।