ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन में मिलावट का कारखाना चलाने वाले चार तस्करों को एसटीएफ व औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात गिरफ्तार किया। पारा के सदरौना में मकान के भीतर कारखाना चलाया जा रहा था।
आरोपी बिहार से उच्च घनत्व के ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन मिनरल वाटर के नाम पर मंगाते थे। फिर अलग-अलग एंपुल में पैककर लखनऊ और आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे। इंजेक्शन की मात्रा बढ़ाने के लिए उसमें नमक मिलाते थे। टीम ने पांच लीटर के 20 गैलन और 39 बोरी में ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन बरामद किए। इसकी कीमत दो करोड़ रुपये है। बड़ी मात्रा में नमक भी बरामद किया गया है।
एसटीएफ के एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह ने बताया, ठाकुरगंज के इरफान, रहीमाबाद के दिलदार, लखीमपुर खीरी के ईसानगर निवासी शहनवाज व रायबरेली के दर्जिन टोला तिलिया कोर के मो. साहेबे को गिरफ्तार किया है।
20 रुपये में खरीदकर 80 में बेचते थे
लखनऊ। एसटीएफ के मुताबिक तस्कर थोक में 20 रुपये में 100 मिलीलीटर की दर से इंजेक्शन खरीदते हैं। फिर इसमें मिलावट कर 80 रुपये में बेचते हैं। गिरोह फुटकर में किसानों और डेयरी संचालकों को यही इंजेक्शन 200 रुपये में देता था। सीतापुर, बाराबंकी, हरदोई, बलरामपुर, बहराइच, उन्नाव समेत आसपास के कई जिलों में इसकी कालाबाजारी हो रही है। इसका इस्तेमाल पशुओं का दूध निकालने, सब्जियों व फलों को कम समय में अधिक विकसित करने के लिए होता है।
सेहत के लिए खतरनाक : ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन सेहत के लिए खतरनाक है। इससे न केवल हार्मोन में गड़बड़ी हो रही है, बल्कि पेट से जुड़ी दिक्कतें भी बढ़ रही हैं। लोगों में चिड़चिड़ापन और तनाव भी होता है। यह एलर्जी का भी बड़ा कारण है। दूध में ऑक्सीटोसिन की मिलावट से शरीर के किसी भी हिस्से में खुजली, सूजन या फिर सांस लेने में समस्या आ सकती है। इससे इनफर्टिलिटी की समस्या भी हो सकती है।
पहले भी सामने आए मामले
14 अगस्त 2024- शहीद पथ के पास हरदोई के दिनेश पाल और पारा के बुद्धेश्वर निवासी अनमोल पाल को 1.38 करोड़ रुपये की कीमत के ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के साथ पकड़ा गया था।
16 नवंबर 2024- चारबाग जीआरपी की टीम ने जंक्शन के पार्सल घर से 1087 लीटर ऑक्सीटोसिन के 38 पैकेट बरामद किए थे। इसकी कीमत 1.93 करोड़ रुपये थी।
22 दिसंबर 2024- बिहार से ऑक्सीटोसिन लाकर खपाने वाले तस्करों ठाकुरगंज के मो. इलियास, पारा के श्यामू गुप्ता और हरदोई के सुलखान सिंह को जीआरपी ने गिरफ्तार किया था।
30 जनवरी 2025- मदेयगंज में 70 लाख रुपये की कीमत के ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन बरामद किए गए। यूपी एसटीएफ, पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ौत के जुबैर को पकड़ा था।
बरामद ऑक्सीटोसिन की जांच करती एसटीएफ की टीम व गिरफ्तार किए गए आरोपी।
बरामद ऑक्सीटोसिन की जांच करती एसटीएफ की टीम व गिरफ्तार किए गए आरोपी।
बरामद ऑक्सीटोसिन की जांच करती एसटीएफ की टीम व गिरफ्तार किए गए आरोपी।
बरामद ऑक्सीटोसिन की जांच करती एसटीएफ की टीम व गिरफ्तार किए गए आरोपी।