लखनऊ। सआदतगंज पुलिस ने शुक्रवार को गैंगस्टर के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो अन्य आरोपी जेल में बंद हैं। इंस्पेक्टर संतोष कुमार आर्य के मुताबिक लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस आयुक्त ने गैंगस्टर चार्ट तैयार करने का आदेश दिया था। ऐसे में पुलिस ने सआदतगंज निवासी ठगी के आरोपी अनीस, उसके गिरोह का सदस्य फरीद, आकाश निगम, अस्तर अब्बास, इमरान, ठाकुरगंज के हुसैनाबाद का शाहनवाज सिद्दीकी, वजीरगंज निवासी शाहरुख, हसनगंज में रहने वाला राहुल सिंह व शिवम का चार्ट तैयार किया गया था। सभी आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं। इनमें से अनीस पर छीना झपटी व हत्या के प्रयास का मामला आलमबाग थाने में दर्ज था। अस्तर अब्बास पर लूट और छीना झपटी की धारा में कैसरबाग में केस दर्ज था। दोनों आरोपी जेल में बंद हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश में टीम गठित की थी। शुक्रवार को पुलिस ने शिवम, शाहरुख, राहुल सिंह और आकाश निगम को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।