लखनऊ। राष्ट्रीय आयुष मिशन परियोजना के तहत पूर्व संविदाकर्मी ने आईजीआरएस पोर्टल पर लोगों की शिकायतों का फर्जी निस्तारण कर दिया। मामले की जानकारी होने पर परियोजना के राज्य कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद ने वजीरगंज थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
अरविंद के मुताबिक राष्ट्रीय आयुष मिशन परियोजना के तहत शशांक तिवारी संविदा पर एचएमआईएस के पद पर काम करता था। आरोपी का काम आईजीआरएस पोर्टल और भारत सरकार की सूचनाओं का संकलन करना था। सात नवंबर 2025 को आरोपी को काम के प्रति उदासीन होने, अधिकारियों को गलत सूचना देने, एचएमआईएस विकसित न करने, आयुष मंत्रालय व अपने कर्तव्यों निहित समय पर पालन न करने के कारण नौकरी से निकाल दिया गया था।
अरविंद का आरोप है कि इस बात से आक्रोशित होकर शशांक ने धोखे से आईजीआरएस की शासकीय लॉगिन आईडी हासिल कर ली। फिर खुद ही पोर्टल पर भ्रामक प्रविष्टि गलत तथ्यों के साथ अपलोड करनी शुरू कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने फर्जी तरीके से लोगों की शिकायतों का निस्तारण कर दिया।
इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।