...ताकि बच्चे जा सकें स्कूल, महापौर ने दिया सड़क बनवाने का आश्वासन
लखनऊ। महापौर संयुक्ता भाटिया सोमवार को फैजुल्लागंज के शिवशक्ति नगर में बच्चों की अपील पर समस्या के निदान के लिए खुद पहुंच गईं। महापौर ने इलाके का दौरा कर बच्चों को सड़क निर्माण के लिए आश्वासन दिया। नगर निगम अफसरों को मलबा डालने के निर्देश दिए।
महापौर ने बच्चों से कहा कि आप लोगों ने सड़क को सही करवाने के लिए कहा है ताकि आप स्कूल जा सकें। इसलिए मैं स्वयं आपकी समस्याओं के निस्तारण के लिए आई हूं। इससे पहले नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों ने इलाके में ब्लीचिंग पाउडर, सड़कों व नालियों की सफाई कराई। महापौर ने बच्चों में बिस्किट और फ्रूटी बांटी। बच्चों को अपना फोन नंबर देते हुए कहा कि अगर आपको आगे कोई परेशानी हो तो आप सीधे मुझे फोन करना। सभी समस्याओं का निदान 24 घंटे के अंदर कराया जाएगा।
कीचड़ से होकर पहुंचीं महापौर
महापौर कीचड़ के बीच से होकर कॉलोनी तक पहुंचीं। स्थानीय निवासियों और बच्चों ने महापौर से मुख्य मार्ग से कॉलोनी की सड़क को जोड़ने के लिए अनुरोध किया। जो कि नहर के बीच से जाती है। महापौर ने संबंधित विभाग से बात कर सड़क निर्माण का प्रयास कराने की बात कही।
नगर अभियंता को लगी फटकार
स्थानीय निवासी राजकुमार ने महापौर को बताया कि गत 9 जुलाई को महानगर कल्याण मंडप में आयोजित लोक मंगल दिवस में आपके समक्ष सड़क पर मलबा डलवाने के लिए अनुरोध किया था जिससे बच्चे स्कूल जा सके। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर महापौर ने नगर अभियंता को तलब कर फटकार लगाई तो उसने कहा कि आरआर विभाग से मलबा डालने के लिए कहा था। मलबा एकत्र किया जा रहा है। महापौर ने अपर नगर आयुक्त अमित कुमार पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि लोक मंगल दिवस के प्रभारी होने के नाते वे शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराएं।
सीएमओ से की बात, स्वास्थ्य कैंप लगाने को कहा
महापौर ने संक्रमित बीमारियों से बचने के लिए सीएमओ से बचाव कार्यों के लिए वार्ता की। सीएमओ ने फैजुल्लागंज में कैंप लगाने की बात कही। बताया कि इसकी सूचना माइक से दी जाएगी।