भिनगा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के रिश्वत मांगने पर मिठाई विक्रेता ने अपनी चालाकी से उसे पकड़वा दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के रिश्वत मांगने पर मिठाई विक्रेता ने अपनी चालाकी से उसे पकड़वा दिया।
श्रावस्ती के भिनगा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी को एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार शाम रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
एक व्यवसायी की शिकायत पर फैजाबाद और लखनऊ की टीमों ने कार्रवाई की है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के खिलाफ कोतवाली भिनगा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
फैजाबाद के कथरा गोसाईगंज निवासी नंदलाल गुप्ता पुत्र शीतला प्रसाद गुप्ता भिनगा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के पद पर तैनात हैं।
कुछ दिन पहले भिनगा के दहाना स्थित अरविंद गुप्ता उर्फ भूरे राजापुररानी की मिठाई की दुकान से नंदलाल ने बर्फी का नमूना भरा था।
इस मामले में कार्रवाई न करने के नाम पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने अरविंद से 10 हजार रुपये मांगे।
अरविंद ने इसकी सूचना फैजाबाद में भ्रष्टाचार निवारण संगठन के इंस्पेक्टर रामेश्वर मौर्य व लखनऊ में भ्रष्टाचार निवारण संगठन के इंस्पेक्टर बुद्ध सिंह चौहान व उमेश चंद्र मिश्रा को दी।
इस पर पर दोनों टीमों ने सुनियोजित ढंग से मंगलवार शाम नंदलाल के खैरीमोड़ स्थित किराए के मकान में छापा मारा।
टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंदलाल गुप्ता को रिश्वत के 10 हजार रुपये के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। टीम खाद्य सुरक्षा अधिकारी को लेकर भिनगा कोतवाली पहुंची।
फैजाबाद की एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर रामेश्वर मौर्य की तहरीर पर भिनगा कोतवाली पुलिस ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी नंद लाल गुप्त के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस दौरान फैजाबाद की टीम में शामिल मुख्य आरक्षी राम आसरे यादव, आरक्षी राधेश्याम पांडे, महेंद्र उपाध्याय, विजय कुमार चौबे व लखनऊ की टीम में शामिल आरक्षी राम रतन, अरुण व जगदीश तिवारी शामिल रहे।
वहीं, अपर जिलाधिकारी रजनीश चंद्र ने इस मामले की जानकारी होने से इन्कार किया है।