लखनऊ। जिला जेल में विचाराधीन बंदी अवनीश जायसवाल की खुदकुशी के मामले में जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की है। पहरेदारी में लगे दस बंदियों की बैरक बदल दी गई हैं। वहीं, अवनीश के साथ एक ही बैरक में बंद तौहीद को भी सुरक्षा के मद्देनजर दूसरे सर्किल की बैरक में स्थानांतरित कर दिया गया है। बता दें कि बुधवार देर रात जिला न्यायालय में विचाराधीन बंदी अवनीश जायसवाल (30) ने बैरक के शौचालय में फंदा लगा लिया था।
जेल प्रशासन ने मामले की न्यायिक जांच कराने की सिफारिश की है। प्रभारी वरिष्ठ जेल अधीक्षक ऋत्विक प्रियदर्शी ने शुक्रवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट को पत्र लिखकर न्यायिक मजिस्ट्रेट नियुक्त कर घटना की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बंदी ने आत्महत्या की है। लेकिन जांच से घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। वहीं, निगरानी में लापरवाही बरतने पर जेल कर्मी हरिओम को निलंबित किया गया है। घटना से पहले के सीसीटीवी फुटेज में अवनीश अपने बिस्तर पर गुमसुम बैठा दिखाई दिया। दो मिनट बाद उसने देखा कि पहरेदारी में लगे दोनों बंदी सो रहे हैं। इसके बाद वह कंधे पर तौलिया रखकर उठा और फंदा लगा लिया।