लखनऊ। आईटी से निशातगंज की ओर जाने वाले इंदिरा ब्रिज की मरम्मत का काम अब पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन 15 मई तक पूरा करेगा। रेलवे ब्रिज वर्कशॉप के इंजीनियरों के अनुसार आठ पिलर में वेल्डिंग का काम चल रहा है। जगह की कमी के कारण दिक्कतें हो रही हैं। इसकी वजह से अभी पंद्रह दिन और लग सकते हैं। हालांकि, पहले ब्रिज वर्कशॉप के इंजीनियरों ने 30 अप्रैल तक काम पूरा करने का दावा किया था, पर यह काम पूरा नहीं हो सका।
इंदिरा ब्रिज गत 26 फरवरी से बंद है। लोक निर्माण विभाग की ओर से उसके हिस्से का कार्य पूरा कराया जा चुका है। पूर्वोत्तर रेलवे ब्रिज वर्कशॉप के इंजीनियरों ने निरीक्षण के बाद गत 11 मार्च को मरम्मत कार्य शुरू किया था। रेल लाइन के किनारे स्थित पिलर की जांच हुई और कार्य शुरू करने से पहले वहां अवैध कब्जों को हटाने में ही तकरीबन हफ्तेभर लग गए। उसके बाद मरम्मत का काम शुरू हो पाया। इंजीनियरों के अनुसार पुल के हिस्से में कई दरारें हैं, उसमें लोहे के पुर्जे भी क्षतिग्रस्त हैं। जिनकी वेल्डिंग कर और मजबूती दी जा रही है। आठ पिलरों की वेल्डिंग की जा रही है। इससे पिलर्स मजबूत होंगे और उनकी लाइफ बढ़ जाएगी। सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि इंजीनियरों से बात हुई है, उन्होंने 15 दिन और समय लगने की बात कही है।