लखनऊ। लखनऊ से गोवा और श्रीनगर के लिए सीधी उड़ानें दिसंबर से पहले शुरू होने की उम्मीद है। एयरलाइनों ने इसके लिए सर्वे शुरू कर दिया है। यात्रियों की मांग और फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो रही है।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सीधी उड़ानों की संख्या कम हो गई है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद श्रीनगर की सीधी उड़ान बंद हुई थी। यह उड़ान लखनऊ से श्रीनगर दो घंटे में आठ हजार रुपये में पहुंचाती थी। 8 अगस्त को लखनऊ से गोवा की सीधी उड़ान भी बंद कर दी गई थी। इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-399 दोपहर 3:15 बजे लखनऊ से गोवा जाती थी।
वापसी में इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6811 गोवा से रात 8:21 बजे लखनऊ पहुंचती थी। यह फ्लाइट पहले सात से आठ हजार रुपये में मिलती थी। यात्रियों की मांग पर इन उड़ानों को दोबारा शुरू करने पर विचार किया जा रहा है। एयरलाइन से जुड़े सूत्रों ने बताया कि फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो रही है। सबकुछ सही रहा तो दिसंबर से पहले विमान दोबारा शुरू कर दिए जाएंगे।
महंगी पड़ रहीं कनेक्टिंग उड़ानें
सीधी उड़ानें बंद होने से यात्रियों को अब कनेक्टिंग उड़ानों से सफर करना पड़ रहा है। पहले सीधी उड़ानें सात से आठ हजार रुपये में डेढ़ से दो घंटे में गंतव्य तक पहुंचा देती थीं। अब कनेक्टिंग उड़ानों का किराया 12 से 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है। श्रीनगर पहुंचने में सात से आठ घंटे लगते हैं। गोवा के लिए भी यही स्थिति है।