लखनऊ। अमौसी हवाईअड्डे से श्रीनगर की इकलौती सीधी उड़ान एक जुलाई से फिर शुरू होगी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद यात्रियों की संख्या घटने पर इंडिगो ने पांच मई को यह सेवा बंद कर दी थी। विमान का टिकट 6999 रुपये में मिल रहा है। डायनेमिक फेयर व्यवस्था से इसकी कीमत 10,500 रुपये तक पहुंचने के आसार हैं।
यात्रियों की मांग पर इंडिगो ने 30 मार्च को लखनऊ से श्रीनगर के लिए सीधी उड़ान शुरू की थी। इससे पूर्व दिल्ली के रास्ते ही श्रीनगर की कनेक्टिंग उड़ानें मिलती थीं। शुरुआती 20 दिनों में विमान दोनों ओर से फुल रही। हालांकि, पहलगाम में आतंकी हमले के बाद यात्रियों की संख्या कम होने लगी। इससे नुकसान होने से इंडिगो ने अस्थायी तौर पर सेवा को बंद करने का निर्णय लिया। अब पहली जुलाई से सेवा को फिर शुरू किया जा रहा है।
अमौसी से इंडिगो की फ्लाइट 6ई 6945 सुबह 5:20 रवाना होकर सुबह 7:15 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। वापसी में विमान 6ई 6524 श्रीनगर से शाम 5:50 बजे उड़ान भरकर शाम 7:40 बजे लखनऊ पहुंचेगा। यह दो घंटे में यात्रा पूरी कर लेगा। सीधी उड़ान में सीटों की बुकिंग 6999 रुपये में हो रही है। कनेक्टिंग उड़ानों का किराया 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है। इंडिगो की फ्लाइट में 180 यात्री बैठ सकते हैं। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद यात्रियों की संख्या घटकर 35 रह गई थी।