प्रदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि बरेली से दिल्ली के लिए फ्लाइट आठ मार्च से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि फ्लाइट सप्ताह में चार दिन संचालित होगी। नंदी ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि उत्तर प्रदेश का आठवां सबसे बड़ा महानगर और भारत का 50वां सबसे बड़ा शहर बरेली मार्च महीने के पहले सप्ताह में हवाई सेवाओं से जुड़ जाएगा।
उन्होंने बताया कि बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को फ्लाइट उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि एलायंस एयर (एयर इंडिया) ने फ्लाइट का कार्यक्रम जारी कर दिया है। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले ही केंद्र सरकार की उड़ान योजना के तहत बरेली एयरपोर्ट का निर्माण कराया गया है। एयरपोर्ट डायरेक्टर राजीव कुलश्रेष्ठ के मुताबिक आठ मार्च को वीआईपी फ्लाइट पैसेंजर्स को लेकर दिल्ली से बरेली आएगी। 10 मार्च से सप्ताह में चार दिन फ्लाइट संचालित होगी।