पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पुलिस और पीएसी में सिपाही के 41,520 पदों पर सीधी भर्ती में तकनीकी दिक्कत के कारण दौड़ से वंचित रह गए पांच हजार से अधिक अभ्यर्थियों को राहत देने का फैसला किया है। ऐसे अभ्यर्थियों को दौड़ में शामिल होने का मौका दिया जाएगा।
भर्ती बोर्ड ने परीक्षा संचालित करा रही संस्था को इसके लिए निर्देश दिए हैं। बोर्ड के अध्यक्ष जीपी शर्मा ने कहा कि दौड़ की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। इसके साथ ही अनुसूचित जाति-जनजाति के अभ्यर्थियों के जाति व मूल निवास प्रमाणपत्रों की जांच के लिए 15 दिसंबर तक का समय दिया जाएगा।
हजारों अभ्यर्थी डाटा अपलोडिंग में देरी होने की वजह से दौड़ से चूक गए थे। इसके अलावा दस्तावेजों की जांच व शारीरिक मानक परीक्षण से लेकर प्रमाणपत्र जमा करने में अभ्यर्थियों को तकनीकी खामियों की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। बोर्ड की वेबसाइट पर निर्धारित तिथि में लॉगइन करने के बाद भी एडमिट कार्ड अपलोड नहीं हो पाने की वजह से भी अभ्यर्थियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
कई स्थानों पर खामियां होने की शिकायतें
बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि कई केंद्रों पर दस्तावेजों की जांच व शारीरिक मानक परीक्षण के दौरान डाटा अपलोडिंग का काम समय पर नहीं हो पाने की सूचना मिली है। इस वजह से कई अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होने से चूक गए। बोर्ड ने उन्हें दौड़ में शामिल होने का मौका देने का फैसला किया है। गौरतलब है कि अभ्यर्थियों ने सिपाही भर्ती प्रकिया के दौरान कई जिलों में विभिन्न समस्याओं की शिकायत बोर्ड से की थी।