आईआईएम रोड पर घैला चौकी से महज 100 मीटर दूर स्थित पांच दुकानों में चोरी
गुडंबा। आईआईएम रोड पर घैला चौकी से महज 100 मीटर दूर स्थित पांच दुकानों को चोरों ने 10 अप्रैल की रात निशाना बनाया। चोरों ने दुकानों में रखे करीब 70 हजार रुपये व अन्य सामान चोरी कर लिए। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर नजर आए हैं। पीड़ितों का आरोप है कि तीन दिन बाद भी मड़ियांव पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
आईआईएम रोड के रोशनाबाद निवासी दिलीप राजपूत की घैला चौकी के पास स्थित कॉम्प्लेक्स में अनुमोल सुपर मार्ट नाम से दुकान है। दिलीप ने बताया कि 10 अप्रैल की रात करीब दो बजे दुकान का शटर उठाकर चोरों ने करीब 14 हजार रुपये, गारमेंट्स व अन्य सामान चोरी कर लिए। वहीं, डिडौली निवासी अंकित कुमार की सेनेटरी की दुकान से 15 हजार नकद व रोशनाबाद निवासी मनीष वर्मा की मनुज फैशन हब की दुकान से 22 हजार रुपये व कॉस्टमेटिक का सामान चोरी हो गया। इसी कॉम्प्लेक्स के बगल में राजेश पाल की अंकुश स्वीट हाऊस नाम की दुकान का शटर तोड़कर 10 हजार रुपये व आजाद गौतम की फुटवेयर की दुकान से 10 हजार रुपये व अन्य सामान चोरी हो गया। 11 अप्रैल को पीड़ितों को चोरी का पता चला। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर दुकान के बाहर जल रहा बल्ब निकालते हुए नजर आए हैं। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।