लखनऊ। गोमती नदी की स्वच्छता के लिए स्वच्छ पर्यावरण सेना और आरएसएस स्वयंसेवकों ने रविवार को संयुक्त सफाई अभियान चलाया। हनुमान सेतु के पास झूलेलाल पार्क में सुबह शुरू हुए अभियान में नदी की तलहटी से करीब पांच कुंतल कचरा निकाला गया। इसमें पॉलिथीन, प्लास्टिक की बोतलें, बैग और देवी-देवताओं की मूर्तियां शामिल थीं।
स्वच्छ पर्यावरण सेना का यह लगातार 433वां रविवार था। संयोजक रणजीत सिंह के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में सफाई की। अभियान में पवन कुमार, विष्णु तिवारी, प्रहलाद सिंह, वीर बहादुर सिंह समेत अन्य लोग शामिल रहे। स्वयंसेवकों ने गोमती में गिरने वाले नालों को रोकने के लिए उनके मुहाने से पहले एसटीपी बनाने की मांग की।