सीतापुर जिले में पांच पुलिसकर्मियों के शनिवार देर रात रिश्वत लेते तीन वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया। सीओ सिधौली के सीयूजी नंबर पर भी किसी ने ये वीडियो भेजे तो उन्होंने तत्काल कप्तान को इसकी सूचना दी। एसपी के निर्देश पर सीओ ने पांचों पुलिसकर्मियों की पहचान कराई। पता चला कि चार पुलिसकर्मी एसपी ऑफिस व एक सिपाही सीओ सिधौली के ही ऑफिस का है।
सीओ ने सिधौली कोतवाली में पांचों पुलिसकर्मियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराकर एसपी को मामले की रिपोर्ट भेजी। इस पर एसपी ने पांचों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करके सीओ बिसवां को मामले की जांच सौंपी है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो शनिवार रात सीओ सिधौली अंकित कुमार के सीयूजी नंबर के व्हाट्सएप पर एक शख्स ने तीन वीडियो भेजे। इस पर सीओ ने तत्काल इसकी जानकारी एसपी एलआर कुमार को दी और उन्हें वीडियो फॉरवर्ड कर दिए। इस पर कप्तान ने सीओ को वीडियो में पैसे ले रहे सभी पुलिसकर्मियों की पहचान कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
एक वीडियो में पैसे ले रहा पुलिसकर्मी सीओ सिधौली के ही दफ्तर का कंप्यूटर ऑपरेटर योगेश चंद्र उपाध्याय है। जिसे सीओ ने पहचान लिया। सीओ ने बताया कि दो अन्य वीडियो में पैसे लेते दिखे पुलिसकर्मी एएसपी उत्तरी महेंद्र प्रताप चौहान के कार्यालय का सिपाही हिमांशु गंगवार, दूसरा संजय पटेल, तीसरा सिपाही डीसीआरबी में तैनात पवन कुमार और चौथा आईजीआरएस में तैनात सिपाही मनोज सिंह है। पांचों पुलिसकर्मियों की पहचान कराने के बाद सीओ ने रिपोर्ट तैयार कर एसपी को भेजी।
एसपी ने मामले में केस दर्ज कराने के आदेश दिए। देर रात सीओ ने सिधौली कोतवाली में खुद तहरीर देकर पांचों सिपाहियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज करा दी। इसके बाद कप्तान ने पांचों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर उनके खिलाफ जांच के आदेश जारी कर दिए।