आलमबाग क्षेत्र में पांच दिन से बार-बार बिजली कटौती होने के विरोध में सोमवार शाम लोगों का गुस्सा उपकेंद्र पर फूट पड़ा।
लोगों ने उपकेंद्र पर हंगामा करके बिजली कटौती खत्म करने की मांग की।
वहीं, तकनीकी खराबी एवं केबल कटने से गोमतीनगर एवं तालकटोरा रोड सहित कई इलाकों में बिजली संकट हुआ।
आलमबाग के संजय गांधी मार्ग, आजादनगर इलाकों में पांच दिनों से रात 10 बजे बिजली काट दी जाती है।
सुबह करीब चार बजे आपूर्ति बहाल की जाती है। बिजली कटने से प्रचंड गर्मी में यहां के 10 हजार से अधिक आबादी के लोगों की नींद हराम हो गई है।
लोगों ने बताया कि इलाके के एसडीओ और जेई के सरकारी मोबाइल पर शिकायत करने पर धमकाते हैं कि वे चाहे जिससे शिकायत करें बिजली कटौती बंद नहीं होगी।
लोगों ने बताया इसी के विरोध में रात 9 बजे चंदरनगर उपकेंद्र पर नाराजगी व्यक्त करने गए थे।
इस बीच, 132 केवी टिकैतराय तालाब उपकेंद्र से तालकटोरा उपकेंद्र को जाने वाले 33 केवी केबल को जेसीबी ने राजाजीपुरम के मीना बेकरी के पास काट दिया।
इसके कारण सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। फतेहगंज उपकेंद्र इलाकों में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तकनीकी खराबी के कारण बत्ती गुल रही।
उपकेंद्र कर्मियों की माने तो खराबी तो छोटी ही थी लेकिन इसे देर से ठीक किया गया।
गोमतीनगर के विश्वास खंड एवं विनम्र खंड में दोपहर 2 से अपराह्न 3 बजे तक बिजली आपूर्ति में रुकावट आई।
वहीं, अमीनाबाद, चौक, इंदिरानगर, निरालानगर एवं राजाजीपुरम इलाकों में शाम से रात तक बिजली की आवाजाही लगी रही।