गोसाईंगंज। इकाना स्टेडियम में मंगलवार को आईपीएल मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टा लग रहा था। सूचना पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने पांच सट्टेबाजों को दबोच लिया। पकड़ा गया गिरोह हरियाणा से ताल्लुक रखता है।
सट्टा मुंबई इंडियंस व लखनऊ सुपर जायंट्स के मैच पर लग रहा था। आरोपियों के पास से 60 हजार की नकदी व 12 मोबाइल बरामद किया है। बुधवार को सभी सट्टेबाजों को जेल भेज दिया गया है।
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी शैलेंद्र कुमार गिरि के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में हरियाणा के हिसार का रोहित शिवाज, रोहतक का पारस मग्गू व सुमित दहिया, राजस्थान के श्रीगंगानगर का आनंद स्वामी और मध्य प्रदेश के इंदौर का श्रेयस बलसारा है।
पांचों आरोपी दिल्ली में पढ़ाई करते हैं। पढ़ाई के दौरान ही संपर्क हुआ था। पुलिस के मुताबिक, पांचों स्टेडियम में बैठकर ऑनलाइन सट्टा लगा रहे थे।
स्टेडियम व ऑनलाइन में एक गेंद का अंतर
एडीसीपी दक्षिणी शशांक सिंह के मुताबिक, पांचों सटोरियों ने पूछताछ में बताया कि ऑनलाइन सट्टा खेलने के लिए वह इंस्टाग्राम से लिंक हासिल करते थे। इसके बाद रकम दांव पर लगाते थे। आरोपियों ने बताया कि स्टेडियम में बैठकर सट्टा लगाने में फायदा है। ऑनलाइन व स्टेडियम में एक गेंद का अंतर रहता है। ओवर की गेंद स्टेडियम में पांचवीं फेंकी जाएगी तो ऑनलाइन पर चौथी गेंद का ही खेल दिखाया जाता है। ऐसे में पांचवीं गेंद पर अगर चौका लगा या विकेट गिरा तो तत्काल इस पर दांव लगा देते थे।
कई और मैदानों पर भी लगा चुके हैं सट्टा
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आईपीएल मैच में कई अन्य स्थानों पर जाकर भी सट्टा लगा चुके हैं। एडीसीपी दक्षिणी के मुताबिक आरोपियों ने अहमदाबाद, दिल्ली व मुंबई के स्टेडियम में आयोजित मैच में सट्टा लगाने जा चुके हैं। आरोपियों ने बताया कि स्टेडियम में बैठकर सट्टा लगाने में ज्यादा मुनाफा है। इसीलिए सभी ज्यादातर सट्टा स्टेडियम से ही लगाते हैं। इकाना स्टेडियम में भी यह पांचों एक ही स्थान पर बैठे थे।