बीकेटी एटीएस पहुंचने में ट्रांसपोर्टरों को हो रही दिक्कतें माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। ट्रांसपोर्टनगर स्थित फिटनेस सेंटर को दोबारा खोलने की तैयारी है। ऐसा होने पर ट्रांसपोर्टरों व वाहन मालिकों को सुविधा हो जाएगी। उन्हें बीकेटी स्थित एटीएस नहीं जाना होगा। इस बाबत प्रस्ताव परिवहन विभाग मुख्यालय भेज दिया गया है।
हाल ही में लखनऊ का पहला निजी फिटनेस सेंटर खोला गया है। आटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) पूरी तरह निजी हाथों में है। इसके खुलने के साथ ही ट्रांसपोटेनगर स्थित विभाग के फिटनेस सेंटर को बंद कर दिया गया। जिससे वाहन मालिकों व ट्रांसपोर्टरों को वाहनों की फिटनेस के लिए बीकेटी की दौड लगानी पड़ रही है। ऐसे में एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार सिंह के साथ ट्रांसपोर्टरों की बैठक हुई, जिसमें ट्रांसपोर्टरों ने विभागीय फिटनेस सेंटर को दोबारा खोलने की मांग उठाई थी। इसमें दो प्रमुख मुद्दों को उठाया गया था। पहला ट्रांसपोर्टनगर से बीकेटी एटीएस की दूरी अधिक होने के कारण वाहन मालिकों को असुविधाएं हो रही हैं। दूसरा, बीकेटी एटीएस में वाहनों की फिटनेस के स्लॉट कम हैं। विभागीय फिटनेस सेंटर में जहां प्रतिदिन 120 वाहनों के लिए स्लॉट थे, वहीं बीकेटी एटीएस में यह संख्या घटकर आधी 60 रह गई है। ऐसे में इनकी संख्या कम होने से वाहन मालिकों को फिटनेस के लिए अधिक इंतजार करना पड़ रहा है। ट्रांसपोर्टरों की मांग के बावत प्रस्ताव तैयार कर विभाग भेजा गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही विभागीय फिटनेस सेंटर खुल जाएगा।