लविवि में पहली बार इंटरनेशनल कंपनी ने किया कैंपस प्लेसमेंट
- ओमान की खनिज कंपनी ने ट्रेनी भूगर्भ वैज्ञानिकों के लिए किया एलयू के 11 छात्रों समेत 15 का चयन
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को पहली बार किसी बहुराष्ट्रीय कंपनी ने कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव चलाई। ओमान की बहुराष्ट्रीय खनिज कंपनी बीएमआरसी ने 15 अभ्यर्थियों को ट्रेनी भूगर्भ वैज्ञानिक के रूप में चयनित किया है। अभ्यर्थी एक साल के लिए कंपनी की विभिन्न देशों में स्थित शाखाओं में काम करेंगे। इसके बाद इन्हें नियमित किया जाएगा।
कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के संयोजक प्रो. ध्रुवसेन सिंह ने बताया कि लविवि के साथ ही आईआईटी धनबाद, कच्छ विश्वविद्यालय, एनआईटी राउरकेला के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। कंपनी के सदस्यों ने साक्षात्कार के माध्यम से इनका चयन किया। ऐसा पहली बार है कि जब लविवि में किसी विदेशी बहुराष्ट्रीय कंपनी ने कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव चलाई है। इस ड्राइव में 11 छात्र लविवि के, 2 आईआईटी धनबाद, 1 एनआईटी राउरकेला और 1 कच्छ विश्वविद्यालय का चुना गया है। इनके रहने की व्यवस्था कंपनी क ी ओर से की जाएगी।
अन्य कंपनियों को भी जोड़ेंगे
ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी विदेशी बहुराष्ट्रीय कंपनी ने कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव चलाई है। इस कंपनी ने लविवि के साथ एमओयू किया है। इसी के तहत यह ड्राइव चलाई गई। आगे हम अन्य कंपनियों को भी इससे जोड़ेंगे।
- प्रो. ध्रुवसेन सिंह,
अधिष्ठाता छात्र कल्याण, लविवि