कोरोना संक्रमण हुआ घातक, पहली बार एक दिन में मरीजों का आंकड़ा हजार पार, 18 की मौत
राजधानी में एक दिन में मिलने वाले कोरोना के केसों व मरीजों की मौत का नया रिकॉर्ड बन गया है। शनिवार को 1006 पॉजिटिव मिले, वहीं 18 मरीजों की मौत हो गई।
इसके साथ राजधानी में मरीजों की कुल संख्या 31,502 पहुंच गई है। अब तक 420 की मौत हो चुकी है। राजधानी में अभी 8,213 एक्टिव केस हैं। वहीं, शनिवार को 747 मरीज अस्पताल से घर पहुंचे।
अब डिस्चार्ज होने वालों की संख्या 22,869 हो गई है। कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। तीन दिन पहले लिए सैंपल के परिणाम दो दिन से आ रहे हैं। शनिवार को सबसे ज्यादा 45 मरीज इंदिरानगर में मिले।
यहां भी मिले मरीज
कैसरबाग में 12, आशियाना में 29, आलमबाग में 33, ठाकुरगंज में 29, तालकटोरा में 37, हसनगंज में 21, गोमतीनगर में 52, हजरतगंज में 28, मड़ियांव में 31, रायबरेली रोड में 35, अलीगंज में 29, जानकीपुरम में 30, महानगर में 28, कैंट में 31, चौक में 28, चिनहट में 39, पारा में 19, नाका में 29, सहादतगंज में 21, गोमतीनगर विस्तार में 18, विकासनगर में 27, कृष्णानगर में 28 मरीज मिले।
अस्पतालों में 18 लोगों ने तोड़ा दम
राजधानी में कोरोना के गंभीर मरीजों की लगातार मौत हो रही है। शनिवार को केजीएमयू, लोहिया संस्थान, पीजीआई सहित विभिन्न अस्पतालों में 18 लोगों ने दम तोड़ दिया। कोरोना वार्ड में शनिवार दोपहर भर्ती कराए गए देवरिया के एक माह के बच्चे की देर शाम मौत हो गई। इसी तरह दो सितंबर को भर्ती कराए गए लखीमपुर खीरी निवासी 62 वर्षीय वृद्ध की भी मौत हो गई। इससे पहले अभी तक राजधानी में एक दिन में सबसे ज्यादा 15 लोगों की मौत हुई थी। अगस्त में प्रतिदिन औसतन आठ लोगों की मौत हुई थी। वहीं, सितंबर में पांच दिन में 47 लोगों की जान जा चुकी है।
पीजीआई में फैला वायरस
एसजीपीजीआई के प्रशासनिक भवन के कर्मचारियों में वायरस फैलने से दहशत का माहौल है। लेखा विभाग के बाद अब एकेडमिक विभाग में सहायक प्रशासनिक अधिकारी एवं प्रवर वर्ग सहायक के दो कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। लेखाकार के पिता और बहन भी संक्रमित हो गई है।
बिजली अभियंता सहित दो संक्रमित
सर्किल अफसर एके लाल के अनुसार सीतापुर रोड खंड के अधिशासी अभियंता अजय कुमार कनौजिया के पॉजिटिव आने के चलते खंडीय कार्यालय सात सितंबर तक बंद कर दिया गया है। वहीं, चिनहट खंड के अधिशासी अभियंता प्रेमचंद ने बताया कि खंडीय कार्यालय के रनर दिनेश कुमार के संक्रमित आने के बाद कार्यालय को सात सितंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है। मुख्य अभियंता प्रदीप कक्कड़ ने बताया कि दोनों कार्यालय का 6 व 7 सितंबर को सैनिटाइजेशन होगा।
19 रेल कर्मचारी क्वारंटीन
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के ब्रिज वर्कशॉप में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद 19 रेलकर्मी होम क्वारंटीन कर दिए गए। वहीं, कर्मचारियों का आरोप है कि वर्कशॉप में न तो सैनिटाइजेशन हो रहा है और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा रहा है। इतना ही नहीं बीते दिनों जब एक रेलकर्मी पॉजिटिव निकला तो मांग के बावजूद दूसरे कर्मचारियों की जांच नहीं की गई। रेलवे यूनियन ने मामला उठाया तो 19 रेलकर्मियों को होम क्वारंटीन भेजा गया।