सहारनपुर : रोमांचक मुकाबले के आसार
सहारनपुर सीट को बसपा से छीनने के लिए भाजपा और सपा ने पूरी ताकत लगाई है। भगवा खेमे ने राघव लखनपाल पर भरोसा जताते हुए फिर से मैदान में उतारा है, तो बसपा ने नए उम्मीदवार माजिद अली पर दांव लगाया है।
- उधर, कांग्रेस ने अपने धुरंधर इमरान मसूद को टिकट देकर सहारनपुर के चुनाव को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया है।
मुजफ्फरनगर : त्रिकोणीय संघर्ष की संभावना
मुजफ्फरनगर में भाजपा डॉ. संजीव बालियान के जरिये हैट्रिक लगाना चाहती है, तो सामने सपा से पुराने दिग्गज हरेंद्र मलिक ने मजबूती से ताल ठोकी है। तीसरी बार मैदान में उतरे हरेंद्र इस बार जीत का स्वाद चखने को एड़ी चोटी का जोर लगाए हैं।
- उधर, बसपा ने तीसरा कोण बनाते हुए दारा सिंह प्रजापति को मैदान में उतारकर मुकाबले को रोचक बना दिया है।
कैराना : सीट बचाने और उलटफेर के लिए झोंकी ताकत
कैराना का चुनाव सुर्खियों में है। यहां भाजपा के प्रदीप चौधरी ने अपनी सीट बचाने के लिए चुनावी रण में पूरी ताकत लगा दी है, तो वहीं नए समीकरण के साथ साइकिल पर सवार होकर आईं इकरा हसन उलटफेर करने को बेताब हैं।
- बसपा ने कारोबारी श्रीपाल राणा को मैदान में उतारकर शह-मात के खेल में रोमांच पैदा कर दिया।
बिजनौर : जातीय समीकरण सुलझाने की चुनौती
बिजनौर में जहां रालोद प्रत्याशी चंदन चौहान भाजपा के साथ हुए गठबंधन का पूरा लाभ लेने की जुगत में हैं तो वहीं सपा ने दीपक सैनी को उतारकर इस खेमे में हलचल मचा दी है।
- उधर, बसपा से उतरे बिजेंद्र सिंह ने इस मुकाबले को नई दिशा दे दी है।
नगीना : चतुष्कोणीय घमासान
नगीना का रण इस समय रिकाॅर्ड बनाने को आतुर है। यहां जो भी चुना जाएगा, रिकाॅर्ड ही बनाएगा क्योंकि यहां कोई भी दल दोबारा चुनाव नहीं जीता है।
- भाजपा के ओमकुमार, सपा के मनोज कुमार, बसपा के सुरेंद्र पाल के अलावा आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद ने इस सीट को हॉट बना दिया है। यहां भी तगड़ा मुकाबला है।
मुरादाबाद : राह में कांटे हैं बहुत
मुरादाबाद सीट भी सुर्खियों में है। यहां से भाजपा ने पुराने दिग्गज सर्वेश सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है, तो सपा ने यहां रुचि वीरा को टिकट दिया है। घमासान के बाद हुए इस बदलाव के बाद इस चुनाव पर सभी की नजर है। उधर, बसपा ने इरफान सैफी को उतारकर सपा-कांग्रेस गठबंधन की राह में कांटे बिछा दिए हैं।
- पिछले साल यहां सपा जीती थी, पर पार्टी ने सांसद डाॅ. एसटी हसन का टिकट इस बार काट दिया।
रामपुर : ध्रुवीकरण पर दारोमदार
रामपुर बेहद हॉट सीट है। यहां भाजपा के प्रत्याशी घनश्याम लोधी, सपा के मौलाना मोहिब्बुल्लाह नदवी व बसपा के जीशान खां चुनावी रण में ताल ठोक रहे हैं। आजम खां के गढ़ रामपुर पर सबकी निगाहें है। यहां मुख्य दलों के प्रत्याशियों के सामने भी मुश्किलें हैं।
- दरअसल, यहां पूरा जोर ध्रुवीकरण पर है। ध्रुवीकरण हुआ तो सपा व भाजपा को सीधा लाभ मिलेगा, नहीं हुआ तो भाजपा, बसपा व सपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बनेंगे।
पीलीभीत : मुस्लिम तय करेंगे नतीजे
पीलीभीत में इस बार भाजपा से जितिन प्रसाद चुनावी रण में हैं। यहां से वरुण गांधी का टिकट काटा गया है। सपा नेे भगवत सरन गंगवार और बसपा ने अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू को चुनावी मैदान में उतारा है। यहां मुकाबला इस बार कड़ा है।
- भाजपा के सामने इस सीट को बचाने की चुनौती है, तो सपा और बसपा ने यह सीट कब्जाने को पूरी ताकत लगा दी है।