17वीं लोक सभा गठन के लिए हो रहे चुनाव में उत्तर प्रदेश में पहले चरण की आठ सीटों पर 11 अप्रैल को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में कुल 96 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने पहले चरण में सभी 6575 मतदान केन्द्रों के 16,635 पोलिंग बूथों पर निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराने का दावा किया है।
सीइओ लू ने बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 10 जिलों में स्थित आठ लोकसभा क्षेत्रों में 1,52,68,056 मतदाता हैं, इनमें 83,27,469 पुरुष, 69,39,761 महिलाएं और 826 तृतीय लिंग मतदाता है। 18 से 19 वर्ष की आयु के 273032 और 80 वर्ष से अधिक आयु के 271565 मतदाता हैं।
गाजियाबाद में सर्वाधिक 27,26,132 मतदाता हैं जबकि बागपत में सबसे कम 16,05,254 मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि आठ सीटों के कुल 3176 संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर मतदान के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाने के लिए अर्द्धसैनिक बलों के सशस्त्र जवान तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 1581 बूथों पर डिजिटल कैमरे लगाए गए हैं, 816 पर वीडियो कैमरे और 1741 बूथों पर वेब कास्टिंग की जाएगी। उन्होंने बताया कि आठ सीटों पर 27530 ईवीएम की बैलेट यूनिट, 21249 कंट्रोल यूनिट और 22741 वीवीपैट मशीनें लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि 96 में से 10 महिला उम्मीदवार हैं। भाजपा के 8, कांग्रेस के 6, बसपा के 4, समाजवादी पार्टी के 2, रालोद के 2 और अन्य दलों एवं निर्दलीय उम्मीदवार हैं।
सुरक्षा के रहेंगे प्रबंध
सीइओ ने बताया कि मतदान के दौरान मतदान केन्द्रों पर निगरानी के लिए 1220 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 254 जोनल मजिस्ट्रेट और 88 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। 8 सामान्य पर्यवेक्षक, 4 पुलिस पर्यवेक्षक, 8 व्यय पर्यवेक्षक और 40 सहायक व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए हैं। इनके अतिरिक्त 1751 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए हैं।
आचार संहिता के पालन और मतदान पर निगरानी के लिए 243 एमससीसी टीम, 434 स्टेटिक्स सर्विलांस टीम और 434 फ्लाइंग स्क्वायड टीम का गठन किया है। आठ सीटों पर मतदान के लिए कुल 75,366 कर्मचारियों को तैनात किया है। मतदान कार्य में 3263 हल्के वाहन औ 3611 भारी वाहन लगाए हैं।
आज रहेगा अवकाश
सीइओ ने बताया कि सभी आठ लोकसभा क्षेत्रों के दस जिलों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। कारखानों, वाणिज्य अधिष्ठान और दुकानें भी बंद रहेगी।
लोकसभा क्षेत्र कुल मतदाता पुरुष महिला तृतीय लिंग
सहारनपुर 1736881 928665 808134 82
कैराना 1661963 895685 766185 93
मुजफ्फरनगर 1692313 915804 776398 111
बिजनौर 1659659 891409 768170 80
मेरठ 1888376 1029220 859023 133
बागपत 1605254 886345 718824 85
गाजियाबाद 2726132 1517276 1208747 109
गौतमबुद्ध नगर 2297478 1263065 1034280 133