लखनऊ। चिनहट इलाके के सेमरा में रविवार शाम इंदिरानगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद अकरम की एसयूवी पर अज्ञात ने फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि घटना के समय वह एसयूवी में नहीं थे। चिनहट पुलिस को घटनास्थल से एक कारतूस बरामद हुआ है।
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि रविवार शाम मो. अकरम अपने घर से एसयूवी से सरकारी गनर काली प्रसाद के साथ सेमरा स्थित प्लॉटिंग साइट पर पहुंचे थे। वह प्लॉट की नापजोख कर ही रहे थे, तभी करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने साइट पर आकर मो. अकरम को उनकी एसयूवी पर फायरिंग होने की जानकारी दी। आनन-फानन प्रॉपर्टी डीलर एसयूवी के पास पहुंचे तो उन्हें बोनट पर एक सुराख मिला। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना की सूचना पर वह टीम के साथ पहुंचे। छानबीन में मौके से बुलेट का खोखा मिला। प्रॉपर्टी डीलर की एसयूवी का शीशा भी टूटा हुआ था। खोखे को कब्जे में लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। मो. अकरम के तहरीर देने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।