दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग
लखनऊ। गाजीपुर के सर्वोदयनगर इलाके में रविवार शाम प्रॉपर्टी डीलर मुर्सलीन पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग फिल्मी अंदाज में की गई थी। तीन एसयूवी सवार हमलावरों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि भीड़भाड़ वाले इलाके में हमलावर खुलेआम असलहे लेकर घूमते रहे और पुलिस को भनक तक नहीं लगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
घटना का एक 1:46 मिनट का वीडियो सामने आया है, जिसमें दो काली और एक सफेद एसयूवी तेज रफ्तार में घटनास्थल पर आती दिखती हैं। गाड़ियां रुकते ही हमलावरों ने दरवाजे खोलकर फिल्मी स्टाइल में प्रॉपर्टी डीलर पर हमला कर दिया। वीडियो में गोलियों की आवाज भी स्पष्ट रूप से सुनाई दे रही है। अचानक हुई इस फायरिंग से मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। महज चंद सेकंडों में वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से भाग गए।
पुलिस पर सवाल, एक आरोपी के खिलाफ पहले से मुकदमे
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों में से एक के खिलाफ तीन से चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर चार खोखे बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।