बुधवार को पुलिस ने अलीगंज में हादसे वाली बिल्डिंग पहुंचकर तैयार किया नक्शा।
- फोटो : संवाद
लखनऊ। अलीगंज में सोमवार को हुए अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के बाद पुलिस ने विवेचना तेज कर दी है। बुधवार को टीम ने एक बार फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान इमारत का नजरी नक्शा तैयार किया गया। विवेचक ने एलडीए, नगर निगम, बिजली विभाग और विद्युत निदेशालय से पत्राचार कर इमारत से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। वर्ष 2016 से अब तक की जानकारी मांगी गई है।
इंस्पेक्टर अलीगंज ने भी मंगलवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान फायर ब्रिगेड के अफसर भी थे। बैठक में आग लगने के कारणों पर चर्चा हुई। पुलिस का कहना है कि बिल्डिंग का नक्शा, बिजली कनेक्शन, हाउस टैक्स व अन्य लाइसेंस की जानकारी मांगी गई है। विवेचना में इन बिंदुओं को शामिल किया जाएगा। इसके बाद केस डायरी तैयार होगी।
बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला का सेक्टर डी में ही एक अन्य मकान भी है। उसका भी व्यावसायिक में इस्तेमाल हो रहा है। आग लगने पर उस मकान से भी सुरक्षित निकलना आसान नहीं है। पुलिस आरोपी की संपत्तियों का ब्योरा खंगाल रही है। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था बबलू कुमार का कहना है कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अन्य आरोपियों की भूमिका का भी पता किया जा रहा है। जो लोग दोषी मिलेंगे, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
15 मीटर से ऊंचे भवनों की बन रही सूची
दमकल विभाग राजधानी में 15 मीटर से ऊंचे भवनों की सूची तैयार कर रहा है। इनमें आग से सुरक्षा के उपायों की समीक्षा होगी। कहीं पर आग से बचाव के संसाधन नहीं मिलते हैं तो भवन स्वामी को नोटिस भेजा जाएगा। दमकल विभाग बाजारों में बेसमेंट में चल रहीं दुकानों का ब्योरा भी जुटा रहा है। संबंधित व्यापारियों को अग्निशमन उपकरण की व्यवस्था करने के लिए कहा जाएगा।
बुधवार को पुलिस ने अलीगंज में हादसे वाली बिल्डिंग पहुंचकर तैयार किया नक्शा। - फोटो : संवाद
बुधवार को पुलिस ने अलीगंज में हादसे वाली बिल्डिंग पहुंचकर तैयार किया नक्शा। - फोटो : संवाद